आशीष सिंह, सिवान : विश्व के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता और भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए सिवान जिले का पचरुखी प्रखंड स्थित जसौली पूरी तरह से तैयार है। यह रैली बिहार में अब तक आयोजित सभी रैलियों का रिकॉर्ड तोड़ने की ओर अग्रसर मानी जा रही है। वरिष्ठ पत्रकारों और राजनैतिक विश्लेषकों की मानें तो यह सभा ऐतिहासिक होगी। सारण प्रमंडल के चार लोकसभा और 24 विधानसभा क्षेत्रों में से अधिकांश सीटों पर एनडीए का कब्जा है। चारों लोकसभा सीटों पर एनडीए तीन चुनाव से काबिज है, वहीं विधानसभा की 24 सीटों में 7 बीजेपी और 2 जेडीयू के पास हैं। मंच पर सभी नौ एनडीए विधायक, विधान पार्षद, चारों सांसदों के साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, दोनों उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, विजय कुमार सिन्हा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल, स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय सहित अन्य एनडीए के अन्य घटक दलों के भी प्रमुख नेता उपस्थित रहेंगे। रैली में ढाई लाख से अधिक लोगों के जुटने की संभावना है। इसके लिए प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र से न्यूनतम 10,000 लोगों को लाने का लक्ष्य तय किया गया है। इस भव्य आयोजन को सफल बनाने के लिए एनडीए के नेता गांव-गांव जाकर आमंत्रण पत्र बांट रहे हैं और लगातार जनसंपर्क में जुटे हैं। हालांकि कार्यक्रम की सफलता हेतु एनडीए के सभी घटकों के नेता लगे हुए हैं। अगर सिवान में भाजपा नेताओं की बात करें तो स्वास्थ्य मंत्री मंगल पाण्डेय, विधायक व्यास सिंह, देवेश कांत सिंह, जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी व रंजीत प्रसाद, पूर्व सांसद ओमप्रकाश यादव, पूर्व विधान पार्षद मनोज कुमार सिंह, प्रो. अभिमन्यु सिंह, संजय पांडेय, महामंत्री राजेश श्रीवास्तव, हरेंद्र कुशवाहा, अनुराधा गुप्ता ,भाजपा अधिवक्ता प्रकोष्ठ संयोजक पंकज सिंह, जिला मंत्री उमाशंकर सिंह, प्रवक्ता चंदन दूबे , राजीव कुमार सिंह (बिट्टू) , हैप्पी यादव , अजीत गुप्ता, मनोज राम, शर्मानंद राम, सुभाष कुमार सिंह कुशवाहा, विद्या सागर बैठा सहित सिवान भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ता दिन-रात जुटे हैं। प्रधानमंत्री का यह कार्यक्रम सिवान के राजनीतिक इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय जोड़ने जा रहा है।

