Home » पंजाब के होशियारपुर में LPG टैंकर में ब्लास्ट, कई लोगों के घायल होने के खबर

पंजाब के होशियारपुर में LPG टैंकर में ब्लास्ट, कई लोगों के घायल होने के खबर

पंजाब, शशिकांत मिश्रा : होशियारपुर में शुक्रवार देर रात LPG से भरे टैंकर में ब्लास्ट हो गया। मिनी ट्रक के टक्कर मारने के बाद टैंकर पलट गया। गैस रिसाव के बाद आग इतनी तेजी से फैली कि आसपास का इलाका चपेट में आ गया। घरों में सो रहे लोग झुलस गए। किसी को समझ नहीं आ रहा था कि क्या हुआ है। लोग बचने के लिए घरों से भाग गए। मौके पर फायर ब्रिगेड, पुलिस और प्रशासन की टीमें पहुंच गईं। लोगों को तुरंत घरों से निकालकर अस्पताल शिफ्ट किया गया। मरीजों की संख्या अधिक होने से अस्पताल में बेड कम पड़ गए। एक बेड पर दो-दो मरीजों को लिटाकर इलाज शुरू किया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों गुरप्रीत गोल्डी और रमेश ने बताया कि आग की लपटें 4 किलोमीटर दूर तक दिखाई दीं। कई घरों के परखच्चे उड़ गए। SP मेजर सिंह ने कहा कि गैस के टैंकर के साथ वाहन टकराया, जिस कारण ये हादसा हुआ है। 3 से 4 लोगों की मौत की खबर है। करीब 30 लोग झुलस गए हैं। घायलों को होशियारपुर सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से कुछ लोग 30% से 80% तक झुलस चुके हैं। उन्होंने कहा कि FIR दर्ज कर ली है। लोगों का आरोप है कि गैरकानूनी तरीके से गैस भरी जा रही है, उस एंगल पर भी जांच कर रहे हैं। फिलहाल रास्ता क्लियर करवाया जा रहा है।