लखनऊ, सौरभ निगम : दीपावली का वास्तविक आनंद केवल अपने घर को रोशन करने में नहीं, बल्कि किसी के जीवन में खुशियों का उजाला भरने में है। इसी सेवा और अपनत्व की भावना के साथ ईश वेलफेयर फाउंडेशन एवं पुलिस परिवार के सदस्यों ने प्रत्येक वर्ष की भाँति इस वर्ष भी वृंदावन कॉलोनी स्थित पॉल मर्सी होम में विशेष देखभाल की आवश्यकता वाली मानसिक मंदित महिलाओं एवं बच्चियों के साथ दीपावली का पर्व हर्षोल्लास से मनाया।
इस अवसर पर टीम के सदस्यों ने उनके साथ समय बिताया, दीप प्रज्वलित किए, मिठाइयाँ, फल, खीर एवं पारंपरिक दीपावली के पकवान खिलाए। उनके लिए 51 टी-शर्ट एवं 51 लेगिंग्स के साथ खाद्यान्न सामग्री आटा, चावल, दाल, तेल, चीनी , लाई चूरा, गट्टा, खील सहित अन्य आवश्यक सामग्री भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं बच्चियों के चेहरों पर खुशी और उत्साह देखते ही बन रहा था। उनके बीच बैठकर कुछ पल साझा करना, उन्हें अपनेपन का एहसास कराना और उनकी खुशियों में सहभागी बनना ही इस आयोजन का वास्तविक उद्देश्य रहा।
इस अवसर पर ईश वेलफेयर फाउंडेशन के संरक्षक उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, श्रीमती सरिता सिंह, संस्थापक सदस्य पवन सिंह, जी.एस. बिरदी, नूतन वर्मा, निर्मल एजुकेशन वेलफेयर सोसाइटी की उपाध्यक्ष ऋचा मिश्रा, पेंशनर क्लब के वरिष्ठ सदस्य जीत बहादुर पुरी, एस.के. मिश्रा, देवेन्द्र शुक्ला, उनकी धर्म पत्नी, वरिष्ठ समाज सेवी वीना बबूता, उत्तर प्रदेश पुलिस से शिखा, धामिका, धर्मेन्द्र सहित अनेक गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में पॉल मर्सी होम की संस्थापिका विंसी जी एवं उनकी पूरी टीम का विशेष योगदान रहा।

आयोजन का संदेश यही था कि दीपावली के दीप केवल घरों में ही नहीं, बल्कि उन दिलों में भी जलने चाहिए, जिन्हें स्नेह, साथ और अपनत्व की सबसे अधिक आवश्यकता है। दूसरों के चेहरों पर मुस्कान लाने से मिलने वाली आत्मसंतुष्टि ही इस पर्व की सबसे बड़ी सार्थकता है।
विदित हो कि ईश वेलफेयर फाउंडेशन टीम द्वारा प्रत्येक मुख्य त्यौहारों में ऐसे जरूरतमंद लोगों के बीच पहुंच कर उनके साथ आमनेपन का अहसास कराते हुए उनको सेवा प्रदान करने का कार्य किया जाता है।

